Saturday, April 3, 2010


बाजरे का रोटला, टट्टी और गन्ने की ठूंठ
'अबे तेरा टट्टी मेरी टट्टी से मोटा क्यूँ है ?'
..
'अबे बोल ना'
'कल क्या खाया था ?'
'दाल पी थी'
'तूने?'
'बाजरे का रोटला'
'समझा?'
'नहीं'
'चूतिया साला'
'अबे गाली मत दे , मैं बोल रहा हूँ!'
'क्या गाली दी बे?'
'अच्छा ...'साला नहीं बोला तूने?'
'साले कौन सी गाली होती है बे?'
'होती है, मैं सीटू से पुछवा दूंगा'
'सीटू भी सिर्री है और तू भी सिर्री है '
...
"अच्छा"
....
सूखे लौंडे से रहा नहीं जा रहा था, वो जमीन पर उंगली से सांप बनाता था और फिर पानी डाल के उसको ख़तम कर देता था ..
"अबे बता ना ...तेरा टट्टी मेरी टट्टी से मोटा क्यूँ है ?"
काला लौंडा शुरुआत से ही कटे हुए गन्ने की एक बची हुई ठूंठ उखाड़ने की कोशिश कर रहा था,
ठूठ बाहर नहीं आ रही थी, वो जब भी ज्यादा जोर लगाता, टट्टी धक्के से आती थी
सूखे लौंडे से गन्ना नहीं उखाड़ता था इसलिए वो दूसरे काम में मगन था, वो दोनों टांगों पे उकडू बैठ के हगता था और उचक के ये देखता था की टट्टी ज़मीन पर गिरने से पहले कितनी लम्बी हो जाती है
'अबे देख..!'
'अबे साले जल्दी देख ना ..ए बे देख....'
'क्या ?'
'साली सांप के बराबर हो गयी थी'
'हुह ...मेरी एक दिन आधा-हाँथ लम्बी हो गयी थी'
'अबे मेरी और बड़ी हुई थी ..करिया सांप के बराबर'
कौन सा सांप'
'अबे करिया सांप, वो जो दिलावर के दुआरे निकला था परसों'
'चल...झूठा साला'
सूखा लौंडा दुखी हो गया
'अबे तू देखता नहीं है...मैं इसीलिए बोला था, तू पहले देखता नहीं है फिर मैं बोलेगा तो मानता नहीं है..सच्ची... सांप के जितना लम्बी हो गई थी....पूरी एक हाँथ लम्बी.....माँ कसम'
'चल साले'
'मादरचोद' (सूखा लड़का, एकदम धीमी आवाज़ में)

दिलावर के दुआरे सांप, पेटीकोट और सीटू का विधवा विलाप
टोले में सांप निकलना कोइ नई बात नहीं थी, सांप कभी भी निकल आता था, रात-बे-रात, और कहीं भी निकल आता था
दुआरे पे , अरगनी पे, धन्नी पे, अटारी पे, खटिया के नीचे या पनारे पर
उस दिन जब दिलावर के दुआरे सांप निकला तो ये भी कोइ बड़ी भारी बात नहीं थी, सांप के काटने से जब माधो मरा था तो भी कोइ बड़ी भारी बात नहीं हुई थी
माधो की घर वाली का चौदह दिन बाद ब्याह करवा दिया गया था और अब वो मदनपुर में अपने ससुराल चली गयी थी
दिलावर के दुआरे जब सांप निकला तो सीटू गर्दन फाड़ फाड़ के हल्ला मचा रहा था
'हो...हू-हू-हू...हुस हुस हुस...हुर्र-रर--रर-हुर्र'
'हो...हू-हू-हू...हुस हुस हुस...हुर्र-रर--रर-हुर्र'
दिलावर बाहर आया तो उसका मुह ऐसा तमतमाता था जैसे सुलगता हुआ कोयला फूंक मारे जाने पर चिटकता है..
'का रे बनच्चर ...काहे हल्ला मचाता है '
'हो...हू-हू-हू...हुस हुस हुस...हुर्र-रर--रर-हुर्र'
'बानर की औलाद, चुप हो जा नहीं तो मुह तोड़ देंगे हम'
'हो ...'
'अबे साले भाग बानर-जात'
सीटू सरपट भागा
सरपट सांप भी भागा, दिलावर के घर के अन्दर
अन्दर से सरपट कोइ बाहर की तरफ भागा. सांप नहीं था, कोइ और ही जन्तु था
मानुस था शायद ..हाँ मानुस ही था
नहीं औरत थी
हाँ औरत ही थी ..
क्यूंकि वो जल्दी में धोती लपेट के भागी थी
और इसलिए भी औरत ही थी क्यूंकि जब वो सब कुछ बटोर के भागी थे तो दुआरे उसका पेटीकोट गिर गया था
दिलावर ने सीटू का सारा गुस्सा करिया सांप पे निकाला और उसका फन ऐसा कुचला की 'फूं' भी नहीं कर पाया
सांप ऐसे मारा जैसे एक दिन सूखे लौंडे ने टट्टी के वक्त पानी डाल के मार डाला था
दिलावर को नींद नहीं आ रही थी, पेटीकोट बिछाया खटिया पर, लेटा, तब जा के कहीं खर्राटा आया उसको

सूखा लौंडा, ट्रेक्टर, हवाई चप्पल, सोटा और महतारी
'अम्मा खाना दे'
'खा ले जा के अरगनी पे बटोई में रक्खा है'
'दाल है ये तो'
'लपसी खाएगा लाट-साहब, कहे तो माहुर(जहर) ले आऊं?'
'मैं दाल नहीं खाऊंगा, मुझको टट्टी पतली आती है तो भंवर मुझको चिढ़ाता है, सीटू को भी मोटी टट्टी आती है'
'सोंटे से मारूंगी दलिददुर कही का, खाना है तो खा नहीं तो पडा रह पेट में गीला गम्छिया बाँध के, भूख कम लगेगी'
'नहीं खाऊंगा'
'मैं बता रही हूँ खा ले बनच्चर नहीं तो सोंटा बजेगा आज'
सूखे लौंडे ने खाना नहीं खाया, महतारी घर का काम करती रही
लौंडा मिट्टी का ट्रेक्टर सारे घर में घुमा रहा था, उसने कूड़े से एक जोड़ा हवाई चप्पल जुटा ली थी, उसमे कोले कर के उसने रबड़ के चार पहिए भी निकाल लिए थे
ये ट्रेक्टर उसका दिमाग खाने से निकाल कर थोड़ी देर के लिए उधम में घुसेड देता था, लेकिन यहाँ वहां घंटा भर नाच लेने के बाद उसको फिर खाने की सुरता(याद) आ गई
'मुझे खाना दो, भूख लगी है'
'कहा ना मैंने की दाल पी ले '
लौंडा समझ गया कि उसे दाल के अलावा कुछ और जुगाड़ नहीं मिलाने वाला है, इसलिए वो फिर से ट्रेक्टर टहलाने लगा
अम्मा के बगल में आ कर खड़ा हो कर सोचने लगा की क्या तिकड़म भिड़ाए की जुगाड़ बन जाए उसका ...एक हाथ से नाक और दूसरे हाथ से कांख खुजाता रहा ...थोड़ी देर बाद बोला ...
'तुम हमको प्यार नहीं करती हो अम्मा...भंवर की अम्मा उसके लिए बाजरे का जे-मोटा-मोटा रोटला बनाती है ....लेकिन तुमको फिकर काहे होए हमारी ...'
महतारी को गुस्सा आ गया और उसने कपड़े धोने का पटा लौंडे के फेंक कर मारा, गलती से पटा लौंडे के सर पर जा लगा और उसका सर फट गया
महतारी भागती हुई दिए की ढिबरी उठा लाई लेकिन उसमे तेल नहीं बचा था ...
'अच्छा खाना खा ले ...'
लौंडा कुछ नहीं बोला
'अच्छा जा बाहर जा के खेल आ ...'

रानी, चूतिया, असर्फियाँ और जोगीरा सारा-रा-रा
'उस दिन कहे भागी थी तू...हम कसम बता रहे हैं काट डालेंगे...बोले थे ने की हिलना मत, हम देख के आ रहे थे ना की कौन चिल्ला रहा है दुआरे ...तो हिली कहे तू ... अब माँ कसम हंसिया से काट डालेंगे हम'
'सांप आ के घुस रहा थी धोती में ...मूरख मानुस....भागते नहीं का हम ....
गुस्सा काहे होता है'
'अच्छा गुस्सा ना हो .. आज हम वो कर देंगे तोहरे लिए ...जोगीरा सारा-रा-रा
दिलावर की आँखे चमक गईं, उसको उम्मीद नहीं थी की औरत अचानक से ऐसी बात बोलेगी ..उछल के खटिया पे जा बैठा, उकडू बैठ के ऐसा घूरे था .. जैसे ...जैसे ..मास्टर की क्लास में मुर्गा बना हुआ सीटू
'मैं तुझे रानी बना दूंगा एक दिन..सच कहता हूँ'
'चल साले झूठे'
'झूठ बोलूँ तो मेरी कखरी में खाज हो जाए और मैं खुजा खुजा के मर जाऊं ....मैं सच कहता हूँ तुझे रानी बना दूंगा एक दिन'
'क्यूं , तेरी गाय असर्फियाँ हगने लगी है आजकल?'
'हाँ यही समझ ले मेरी रानी'
'आज हम वो कर तो देंगे तोहरे लिए.... लेकिन ....हमारी सरत है ...कि अब और हमको चूतिया नहीं बनाइएगा जी आप ...ये रोज रोज हमसे पेटीकोट संभाल संभाल के आइस-पाइस नहीं हो पाएगी , कहे दे रहे हैं '
'अरे जो चाहिए उठा ले जा, पूरा घर और पूरी कोठरी पड़ी है तेरे लिए...'
दिलावर अधीर हुआ जा रहा था ....
'हमको चूतिया बनाने की कोसिस मत करना...हम एक बार फिर से कहे दे रहे हैं '
'हाँ ...कह दिए ना ...अब जादा मान मत कराओ नहीं तो साली बचोगी नहीं हमसे... बताए दे रहे हैं'
....
'जोगीरा सारा-रा-रा'
'जोगीरा सारा-रा-रा'
दिलावर गाना गाता था ... और वो नाचती थी
उस दिन वो बहुत नाची और उस दिन के बाद अक्सर दिलावर गाना गाता था, जोगीरा सारा-रा-रा और वो उसके मन का ठुमका लगा देती थी
...
'इसको खोल ना'
...
'और ये'
....
'ये ले'
जोगीरा सारा-रा-रा ....
'जोगीरा सारा-रा-रा'...

काला लौंडा, सूखा लौंडा, पुआ और टट्टी
'अबे कल क्या खाया था तूने'
'बता ना साले'
'गाली मत दिया कर'
'अबे ...'साले' गाली नहीं होती है...कितनी बार बताया है ...
'अच्छा वो सब छोड़... बता ना कल क्या खाया था तूने'
'दाल तो नहीं खाई होगी, और बाजरे का रोटला भी नहीं ....
आजकल ...आजकल तेरी टट्टी देख के लगता है की बहुत मालपुआ दबा रहा है'
...
'अबे बता ना '
'हाँ ....गुड़ खाया था और पुए खाए थे.... बाजरा मुझे गले से नहीं उतरता है ... मैं बस पुआ खाता हूँ'
'चल साले ..मैं नहीं मानता'
'मत मान ...मैं कब बोल रहा हूँ मानने के लिए'
'अबे नहीं यार ...मैं मान रहा हूँ ...आजकल तू रोज मालपुआ खा रहा है...मैं टट्टी देख के बता सकता हूँ...इतना तो तजुर्बा है ...
मोटा लौंडा उंगली से जमीन पर सांप बना रहा था लेकिन उसका जी नहीं लग रहा था आज, दिमाग तो उसका पुए में ही अटका हुआ था
.....मेरे लिए भी माल पुआ लाएगा एक दिन ?'
'देखूंगा ...'
'ले आना भाई ...मैं गाली नहीं दूंगा तुझे फिर कभी ....
'स्साले' भी नहीं बोलूँगा ....
सच्ची...माँ कसम '
'देखूँगा '
'अबे भाई नहीं है ...देख मेरी अम्मा तो मुझे प्यार करती नहीं है...तेरी अम्मा तो तुझे कितना प्यार कराती है ...ले आना भाई'
'नहीं , मेरी अम्मा मुझे प्यार नहीं करती है ...वो किसी से प्यार नहीं करती ..वो दिलावर पे भी चिल्लाती है ...बापू के मरने के अगली रोज जब दिलावर उसके लिए चूड़ियाँ लाया था तो उसने दिलावर से भी कहा था की पटा फेंक कर मारेगी उसे .....और कल उसने मुझे भी पटा फेंक के मार दिया था...सर फट गया था मेरा ...ये देख निसान ...'
'अबे हाँ बे ....गहरा निसान है ...'
'अबे पागल है क्या ...टट्टी के हाँथ से क्यूँ छू रहा है ...''
'सोरी बे सॉरी' (काला लौंडा-धीमी आवाज़ में)
'मादरचोद..' (सूखा लड़का-तेज आवाज़ में)

सूखा लौंडा गन्ना उखाड़ के फेंक रहा था और काला लौंडा दुखी मन से ...उचक के ...दोनों टांगो के बीच से अपनी टट्टी देख रहा था
अचानक से चौंका और चिल्लाया ...
'अबे...'
'अबे...'
'अबे देख ना साले ...'
'क्या यार ...
देखना था ना ....'
सूखा लौंडा गन्ने की ठूंठ उखाड़ने में बिजी था ...

Tuesday, October 20, 2009

बहुत दिनों के बाद ....सजनिया

बहुत दिनों के बाद सजनिया ,
कहा किसी ने कानों में
मिसरी वाली बातें भोली
'मानों या ना मानों ' में
बहुत दिनों के बाद बलम जी ,
हैरानी में 'फुरसत' है
सिले पड़े हैं , बदन, नहीं जी ,
बित्ता भर भी फ़ुरकत है !

बहुत दिनों के बाद , बदन में ,
दर्द उठा है टूटा सा
राणा जी के काँधे पर है ,
दांत किसी का छूटा सा

बहुत दिनों के बाद चले वो ,
बौरानी-बौरानी है
बिना पिए ही झूम रही है ,
हैरानी-हैरानी है

बहुत दिनों के बाद , फसल से ,
खिले बदन के रोए हैं
घुलते-घुलते होठों में कुछ ,
सौ-सौ चुम्बन खोए हैं

बहुत दिनों के बाद शहर के ,
तापमान में गर्मी है
सूख गया है बदन , आज बस ,
दो होंठों में नरमी है

बहुत दिनों के बाद , हिचकियों से
अब थोड़ी राहत है
आँख मले , हैरान ख़ुदा, कि
किन्नी भोली चाहत है

बहुत दिनों के बाद तुम्हारी ,
बाहों में हम सोए हैं
आज अठन्नी जैसे आंसू
हंसी-खुशी में रोए हैं

बहुत दिनों के बाद , हुआ है यकीं ,
'अजी हम ज़िंदा हैं ! '
एक कुड़ी है , नाम मुहब्बत ,
इश्क़ अभी बाशिंदा है !

बहुत दिनों के बाद हिया में ,
धड़कन नहीं , हरारत है
बंद पड़ गयी धड़कन कब की ,
कुछ तो हुई शरारत है....

बहुत दिनों के बाद सजनिया ...

Tuesday, October 13, 2009

सज़ा -ए-आफ़ता...

सज़ा -ए-आफ़ता हैं , गिरफ्तार हैं सनम
हम फसाद-ए-इश्क़ तड़ीपार हैं सनम

एक रोग , एक मर्ज़ ही सियाने हैं
बाकी धंधे निरे चिड़ीमार हैंगे हम

दुनियादारी की गणित में मूर्ख है 'सचान'
दिल्लगी के सिवा उसे कुछ नहीं हज़म

जितनी चाहे उतनी मुहब्बत कराइए
कोई हरा नोट नहीं इश्क़ का ख़सम

तोहमतें लगा लो या जी कहो काइयां
साग , रोटी , झोपड़े दो कौड़ी के वहम

अम्मियों की जूतियों की हमें फ़िक्र क्या
भांग तगड़ी इश्क़ की , कवारे हैं सनम

जान गए , जान के हुए हैं बेशरम
इश्क़ खुदा , खुदा इश्क़ , मिट गए वहम

जो भी चाहे समझो , अपनी राय दीजिए
हमपे कौन से उधार हैं तेरे करम

Saturday, June 13, 2009

चालू है दुनिया , भांप गई ..

कल सुने गजब की बात बनी
सुबहो तक घिस घिस रात छनी
जब कोर चंदनिया हांफ़ गई
चालू है दुनिया , भांप गई ..

सुनते हैं खूब सताया था
फ़िर भी तो नहीं मनाया था
बिन कपड़ा लत्ता कांप गई
चालू है दुनिया , भांप गई ..

होंठन से होंठन चाट गई
जोबन से हारी खाट गई
दांतों से निसानी छाप गई
चालू है दुनिया , भांप गई ..

कल कुछ भी नहीं बिचारे थे
सुनते हैं मुए उंघारे थे
है कहां कहां तिल नाप गई
चालू है दुनिया , भांप गई ...

सुनते हैं कल मजबूरी थी
जी ठंड कड़ाके पूरी थी
तंदूर बदन के ताप गई
चालू है दुनिया , भांप गई .

Monday, June 1, 2009

हमने सुना है मौला आप भगवान हैं......

नीली छतरी हैं आप , यार सरकार हैं
हमने सुना है मौला आप भगवान हैं ।
दुनिया बना के सोए , जागी दरकार है
आप चाहे जो भी करें , सब एहसान है ।
क्या फ़रक आज मर्यादा तार तार है
आपने तो छुट्टी पा ली ख़्वाजा जो महान हैं ।
चकला समाज हुआ , जंग भरमार है
पिघलें ना आप क्योंकि पाहन समान हैं ।
बस जी भरोसा उठा , ऐसे भरतार हैं
आपको दरद काहे आप हलक़ान हैं ।
पीर भी हमारी अरु चोट भी हमार हैं
आपने तो कह दिया ’बिधि का बिधान है’।
छोटे से हिआ मे रचा कपट का भार है
मोहरें सजा के चले छोड़ के मैदान हैं ।
हंस के तमासा देखें . नाहि अधिकार है
काहे रची दुनिया जी मुर्दा-ए-मसान है ।
पूरे हैं ’सैडिस्ट’ आप रूस के वो ’जार’ हैं
ज़िन्दगी दी भाड़े पे , ये मौत भी लगान है ।
नीली छतरी हैं आप , यार सरकार हैं
हमने सुना है मौला आप भगवान हैं...

Wednesday, March 11, 2009

आपको हम ख़ुदा कर के ,
ज़रा से इंसान हो लें
बाकियों को जुदा कर के ,
आपसे रहमान हो लें
इश्क़ की महफ़िल लगा के ,
जन्नती फ़रमान हो लें
ऐरे-गैरों को दफा कर ,
अकेले मेहमान हो लें
क्या करें हम आरज़ू ,
क्यों बेवज़ह एहसान हो लें
क्या करेंगे जान का अब ,
दो घड़ी बेजान हो लें
सामने आ बैठिये तो
आंख मल हैरान हो लें
तू सनम बस मुस्कुरा हम
फुर्सत-ए- कुरबान हो लें

Saturday, February 21, 2009

" बेसिक इन्स्टिन्क्ट "

ये कहानी 'एक्ज़िस्टेन्शियलिज़्म' के शौकीनों के लिए नहीं हैं . इसके हर एक शब्द से अस्तित्व-वाद का विवाद , मैंने छिछोरे ह्यूमर की सीरिंज से चूसकर वैसे ही फ़ेंक दिया है जैसे पुरानी नाग नागिन की मूवीज़ में सांप के काटने से बेहोश हुई हीरोइन की गोरी जांघ से ,इच्छाधारी नाग , यानी कि हमारा छिछोरा हीरो , अपने नापाक होंठों से सारा ज़हर चूसकर थूंक देता है और फ़िर शुरू होता है उनके प्रेम का अज़ीम शाहकार ...दो बदन एक हो जाते हैं , रफ़ी साहब की कशिश भरी आवाज़ एक तगड़ा रोमैंटिक आलाप लेती है और टी.वी. स्क्रीन पर सेन्सर की पाबंदियों की वजह से सिरफ़ दो भंवरों का चुम्बन या फ़िर सरसों की कलियों का गुंथना ही दिखाया जाता है . ख़ैर समझदार जनता अपनी समझ से तनिक अधिक ही समझ जाती है क्योंकि 'सेक्स' आदमी की बेसिक इन्स्टिन्क्ट जो है .
पर बांके और उनकी बेहद ख़ूबसूरत बेग़म गिलौरी की बेसिक इन्स्टिन्क्ट उनकी बेशकीमती शरम में दब कर दम तोड़ चुकी थी . कम्बख़त उनकी भी सुहागरात वैसे ही नाटकीय अन्दाज़ में देवरानियों और जेठानियों के हाई पिच्ड 'ही-ही-ही-ही' प्रलाप के साथ ही शुरू कराई गई थी . लेकिन इब्तदा बेहतरीन हो इसका अर्थ यह तो नहीं की अंत भी सुखद ही होगा . इन दोनों के लिए प्रेम प्रदर्शन का अर्थ वही सरसों के पुष्प और भंवरों का अवगुंठन ही था . नेपथ्य में (झाड़ी के पीछे) क्या होता है वो उन्हें कभी समझाया ही नहीं गया . अरे समझाया तो तब जाता जब ये सब समझाए जाने की बात हो .ये हिंदुस्तान है जहां आदमी का नैचुरल टैलेंट भी कोई चीज़ होती है , यहां नान-वेजीटेरियन जोक सुन सुन कर बित्ते भर के लौंडे उमर से पहले ही बड़े हो जाते हैं . और अब तो सरकार भी परिवार नियोजन और 'गोली के हमजोली' के विग्यापनों के माध्यम से काफ़ी कुछ समझा देती है . अब वो जमाना नहीं रहा कि लौंडे ऐसे नाज़ुक मौके पर चैनल चेंज कर दें , अब वो ज़माना है कि समझदार अम्मियां पानी लाने के बहाने चल देती हैं और अब्बू लोग अख़बार पढ़ने में मशग़ूल हो जाते हैं . और कई बार इसी सब से उन्हें याद आता है कि आज मुन्ने को जल्दी सुलाकर मूड बना लेने में कोई हर्ज़ नहीं है .
चलिए आपको बिला रोक टोक बांके और गिलौरी के कमरे के अंदर लिए चलता हूं . रेडियो आन है फ़िलहाल उस पर जगजीत की गज़ल तैर रही है ,
'तेरे बारे में जब सोचा नहीं था ..
मैं तन्हा था मगर इतना नहीं था ...'
अब इस बखत क्यों बज रही है , ये मुझसे मत पूछिए क्योंकि ऐसे मामलों में इन्ट्रेस्ट सही जगह पर ही होना चाहिए , इधर उधर बेकार की बातों में झोल खोजकर माहौल की रूमानियत से छेड़ छाड़ नहीं करना चाहिए आख़िर रोमांसक टीम-टाम बिठाने में लेखक को कितनी मनोहर कहानियों का ध्यान लगाना पड़ता है इसकी भी तो कद्र हो . सफ़ेद सी चादर पर गुलाब की एक किलो-दो पाव पंखुड़ियों के साथ साथ बांके भी अपने कलेजे सहित बिछे हुए थे . दिल गजब धड़कता था , तमाम बार सन्देह होता था कि आवाज़ दिल के धड़कने की नहीं है ...डकार की है या फ़िर कोई और ही नाद है . बांके सहम से जाते थे और आसपास रखी चीज़ों को करीने से सजाने लगते थे. अब तक कितनी ही बार तमाम नायिकाओं की कल्पना कर चुके थे कि कैसे उनके रूप में गिलौरी दूध का गिलास लेकर हिरनी की चाल से बंकिम नयनों से कमरे में प्रवेश कर रही है . उन्होंने बिस्तर पर केसर और गुलाब को वापस तरीके से सजा दिया , एक एक सलवट ठीक की ताकि ये ना लगे कि वो बड़ी अधीरता से बिस्तर में इधर उधर लोट रहे थे . उन्होंने सुन रखा था कि 'फ़र्स्ट इम्प्रेशन इज़ दि लास्ट इम्प्रेशन'. मौका समझकर रेडियो का वोल्यूम ज़रा सा चढ़ाया और गज़ल की गम्भीरता अपने चेहरे पर लेप कर पीठ सीधी कर के तन कर बैठ गए . उनकी समझ से यही उचित था लेकिन मेरी समझ से वो बाबा रामदेव के वालंटियर नज़र आ रहे थे . पैर की उंगलियां कसमसा रही थीं .उत्सुकता और अधीरता में अंगूठा बगल वाली उंगली की रीढ़ तोड़े दे रहा था . अचानक से गिलौरी ने कमरे में प्रवेश किया , बांके ऐसा चौंके जैसे नुक्कड़ पर बीड़ी पीते हुए पहली बार पकड़े जाने पर वालिद जी के सामने चौंके थे . फ़िर भी उन्होंने मामला सम्भालने की कोशिश की , रेडियो का कान उमेठकर चैनल बदला तो दूसरा गाना बज उठा , फ़िल्म तो सिचुएशनल थी , 'दुल्हन हम ले जाएंगे' पर गाना कहीं से भी सिचुएशनल नहीं था-
'तेरा पल्लू सरका जाए रे , बस तो फ़िर हो जाए..ई हा फ़चक...ओ हा फ़चक..'
बेचारे ऐसा शर्माए कि रेडियो बंद करने का तरीका ही भूल बठे. अनाड़ियों की तरीके उसे हथेली से थपकाने लगे जैसे आजकल रेडिओ आफ़ करने का तरीका यही हो . कहते हैं मुस्कुरा कर सब लीपा पोती बराबर की जा सकती है , सारी शक्ति लगाकर मासूमों की तरह मुस्कुराए लेकिन सामने बुत बनी गिलौरी को देख कर हंसी फ़ाख्ता हो गई . लाल साड़ी , गहने जेवर और उस सबके ऊपर हांथ में दूध का गिलास . लग रहा था कि फ़ालिज़ मार गया हो बेचारी को ,एक कदम भी नहीं चल सकती थी , वो तो भला हो देवरानी और जेठानी का , वो बिना पूछे कमरें में दाखिल हुईं और अपना कर्तव्य पालन करके मुस्कुराती हुई चली गईं और साथ में हिदायत दे गईं , 'कुंडी लगा लेना ' . बांके कोशिश करके दुबारा मुस्कुराए , कुंडी बंद की , बिस्तर पर बैठे और बुदबुदाए , 'बदमाश कहीं की , सब की सब चंट हैं '
जवाब में गिलौरी भी मुस्कुराई और लो जी , बात करने का टापिक भी मिल गया ...
'हां दोनों बड़ी ही प्यारी हैं , दिल की बड़ी नेक लगती हैं '...वगैरह वगैरह ....
बात चल निकली...
बांके की उंगली बिस्तर पर छोटे छोटे कदम चल कर , सरकते सरकते गिलौरी की तरफ़ बढ़ी कि अचानक लगा कि ऐसा करना अधीरता का सूचक होगा और ये दिखाएगा कि वो कैरेक्टर वाले नहीं हैं ('फ़र्स्ट इम्प्रेशन इज़ दि लास्ट इम्प्रेशन').फ़ौरन उंगली वापस . धत तेरे की ...
बोले अच्छा होगा हम दोनों आज की रात एक दूसरे को भली तरह जान लें . लाल घूंघट के भीतर से कमजोर सी आवाज़ आई...'जी , जैसा आप ठीक समझें '
लीजिए , जान पहचान भी शुरू हो गई . बीच बीच में जब बांके को लगता कि ठीक ठाक जान पहचान हो गई है तो फ़िर से उनकी उंगली गिलौरी की तरफ़ बढ़ती लेकिन समर्थन नहीं मिला.उन्हें लगा कि उनसे ज़रूर कोई ग़लती या ज़ल्दबाजी हो गई है लेकिन बेवकूफ़ को ये नहीं समझ आया था कि लड़कियों की शरम हया भी तो कोई चीज़ होती है . बात कुछ जमी नहीं .
बोले, 'आप भी अपने बारे में कुछ बताइए ना , इतनी देर से मैं ही बक बक किए जा रहा हूं , देखिए मेरा मानना है कि पति-पत्नि एक ही गाड़ी के दो पहिए होते हैं....' ( बोले तो इतने ही अधिकार से थे कि कोई इनोवेटिव आइडिया हो और खाली उन्हें ही पता हो )
लाल घूंघट से आवाज़ आई , 'जी मैं क्या कहूं '
'अरे..इसी तरह , कुछ भी अपने बारे में '
'जी इसी तरह ...माने कि ..जैसे हमारा नाम गिलौरी है..'
कुछ देर की चुप्पी ...
'हां जी वो तो हमने शादी के कार्ड में पढ़ लिया था ...बांके परिणय गिलौरी '
उन्हें लगा था कि बेहतरीन जोक मारकर माहौल हल्का हो जाएगा लेकिन बेचारी सकपकाकर और भी गठरी जैसे गुंथ गई . उन्होंने सोचा नहीं था कि इतनी बड़ी गड़बड़ हो गई है या शायद नहीं भी हुई थी परंतु उसके बाद उनकी हिम्मत नहीं हुई कि समर्थन मांगा जाए या फ़िर बात बढ़ाई जाए .दोनों प्राणी कुछ एक फ़ुट की दूरी पर लेटे हुए नींद में होने का उपक्रम कर रहे थे लेकिन सर्दी की रात में करवट लेने पर खटिया की आवाज़ भी चीत्कार जैसी सुनाई देती थी तो बेचारे प्राणी और भी शर्मिंदा हो जाते थे . दोनों उसी तरह बेसुध पड़े थे , लेकिन कोई भी नहीं उठा . काश दोनों में से बांके ने वो नाग नागिन की फ़िल्म देखी होती तो इतना बवाल ही नहीं होता .
अगली सुबह देवरानी गिलौरी के पास से निकली तो उसने चुटकी लेते हुए एक गीत गुनगुनाना शुरू कर दिया . गीत के बोल थे , 'मोहे आई ना जग से लाज , पिया ने ऐसा पकड़ा हांथ ...कि कंगन टूट गए ...' अब गिलौरी को गुस्सा आ रहा था . एक तो इस बात पर कि कलमुही सुबह से ये गाना गुनगुनाए जा रही है और दूसरा इस बात पर कि कैसे अनाड़ी सैंया मिले हैं . वो जरूर प्राइमरी से ऊपर नहीं गई पर ये तो मैट्रिक पास हैं . जवाब में उसे मुस्कुराना ही पड़ा , बेचारी धत कहकर किचन में चली गई . देवरानी दोबारा किचन में आई ...
'कुछ मुझ में थोड़ा जोबन भी था ..
कुछ प्यार का पागलपन भी था ..
मैं बन के गई थी चोर ..
कि मेरी पायल थी कमजोर...
कि घुंघरू टूट गए..'
अबकी तो बगल में बांके भी खड़े थे . करते क्या , मुस्कुरा दिए लेकिन कसम से ये हंसी ऐसी थी जैसे होंठ का निचला वाला आधा हिस्सा ऊपर वाले हिस्से से कर्ज़ा खाए बैठा हो और वही उतारने के लिए ज़रा सा थिरका हो . जी हुज़ूरी करी हो . चुटकी लेने पर अगर सामने वाला शर्मिंदा हो कर लाल हो जाए तो इससे बड़ा इनाम और कुछ नहीं होता . कम्बखत को बढ़ावा मिल गया और मौके बे-मौके चुटकी लेने से बाज नहीं आती थी और गिलौरी की जान खाए रहती थी.महीने भर दिन ठिठोली में बीत जाता और रातें 'जान-पहचान' में ...
बांके अजीब से जतन करते थे . मसलन कभी कभी ग्रहशोभा लाकर उसके वो पन्ने खोलकर गिलौरी के आसपास चुपके से रख जाते जिसमें महिलाओं की अजीब अजीब सी स्वास्थ्य समस्याएं छपी होती थीं या फ़िर कोई सेक्स सम्बन्धी उलझन . फ़िर बाद में उन्हें लगता था कि उनसे कोई बड़ा भारी पाप हो गया है तो उन्होंने वो करना भी छोड़ दिया जबकि गिलौरी तो तमाम बार घर वालों से छुपाकर मनोहर कहानियां पढ़ चुकी थी . बेचारे बांके कभी कभी गुलाब लेकर आ जाते थे लेकिन ज्वाइंट फ़ैमिली में गुलाब अपने गंतव्य तक पहुंच जाता इसके लिए प्राएवेट लम्हें अब नसीब भी नहीं हो पाते थे . चुटकियां लेना अभी तक जारी था लेकिन तमाम बार तो हद ही हो जाती थी . मसलन एक बार तबियत खराब होने की वजह से गिलौरे को उबकाई आने लगी तो चलती फ़िरती चित्रहार यानी उनकी देवरानी ने गीत गा दिया , 'मेरे घर आई एक नन्हीं कली '
उस दिन तो गिलौरी के गुस्से का कोई ठिकाना ही नहीं था लेकिन कोशिश करके बड़ी ही शालीनता से उसने उसे समझाया कि ये सब उसकी तबियत खराब होने की वज़ह से है वरना चंट कहीं की सारे घर में गा आती...'मेरे घर आई एक नन्हीं कली ' .
....गिलौरी की सहेली कम्मो उससे मिलने आई तो उसने ना चाहते हुए भी सारा रोना रो डाला उसके सामने. बचपन की प्रगाढ़ता थी , बेचारी का दिल पसीज गया .लेकिन पता नहीं क्या बात हुई थी दोनों के बीच कि गिलौरी आज गज़ब चहक रही था ....
उस रात बांके जब कमरे में दाखिल हुए तो उन्हें मानों सांप सूंघ गया ...फ़्रेन्च में कहते हैं ना ...'डेजा -वू ' ...माने कुछ ऐसा देख लेना जो कि लगे कि पहले भी बिल्कुल वैसा ही कुछ देखा था. हां जी बिल्कुल देखा था ...
गिलौरी वैसी ही लाल साड़ी में बिस्तर पर बैठी हुई थी .बिस्तर पर गुलाब और केसर बेतरतीब बिखरे हुए थे . सब चीज़ें करीने से सजी हुई थीं .लेकिन आगे वैसा कुछ नहीं हुआ जैसा आपने सोचना शुरू कर दिया है ...गिलौरी ने बांके को एक ख़त थमा दिया जो उसने अपनी सहेली से बिनती कर के और तमाम कसम देकर लिखवाया था . ख़त कुछ ऐसा था ...
'प्राणनाथ ,
हम पूरी तरह से आपकी हैं . हमारे प्राण और आत्मा तक आपके दुआरे जीवन भर गिरवी रहेंगे और हमारी सांसें उखड़ने के बाद भी आपकी उधारी रहेंगी . हम सुने थे कि एक कली ख़ुद से कितना भी जतन कर ले फूल नहीं हो सकती , क्योंकि ऊ जादू की कला तो भंवरे को ही आती है ना .जितना जानना था जान चुके हो आप .आपको समर्पित होने के इंतजार में ...
आपकी गिलौरी '
आखिरी लाइन शायद थोड़ी ज्यादा हो गई थी , गिलौरी ने सहेली से कहा भी था कि ऐसा ना ही लिखे कि जितना जानना था आप जान चुके पर चूंकि सहेली भी मैट्रिक पास थी इसलिए गिलौरी को उसकी बात माननी पड़ी वरना वो ख़त लिखने से भी इनकार कर देती . सहेली ने तो ये भी कहा था कि ख़त के आख़िर में गिलौरी के आगे ब्रैकेट में गिल्लू लिख दे ....प्यार का नाम ...लेकिन गिलौरी के काफ़ी मनाने पर उसने ऐसा नहीं लिखा .
हां ...अब आपको अपने दिमाग के घोड़े अपनी तरह से दौड़ाने की खुली छूट है ..क्योंकि आगे वो सब कुछ हुआ जो आप सोच रहे हैं और वो भी हुआ जो आप इस बखत सोच भी नहीं पा रहे हैं क्योंकि आप उस मामले में अभी हैं तो आप अनाड़ी और नौ-सिखिए ही ना .
बहरहाल मैं बस इतना ही कहूंगा कि बात जम गई क्योंकि अगले दिन गिलौरी देवरानी के पास से गुज़री तो वो ख़ुद ही गीत गुनगुना रही थी ....
'कुछ मुझ में थोड़ा जोबन भी था ..
कुछ प्यार का पागलपन भी था ..
मैं बन के गई थी चोर ..
कि मेरी पायल थी कमजोर...
कि घुंघरू टूट गए..'
और मज़े की बात ये है कि विश्वस्त सूत्रों से पता चला है कि बांके ने गिलौरी को गिल्लू कह कर बुलाना शुरू कर दिया है . एक ने तो ये भी बताया कि अब तो गिल्लू ने देवरानी का प्रतिवाद करना भी बंद कर दिया है और वो उसकी बात से चिढ़ती भी नहीं है .और एक दिन उसे उबकाई आई तो उसने ख़ुद ही गुनगुनाना शुरू कर दिया था ...